बहेड़ा
बहेड़ा एक अत्यन्त उपयोगी एवं बहुमूल्य औषधी हैं, इस पर अभी इसके पेड़ फलों से लदे हुये हैं। हमारे क्षेत्र में जंगलों और खेत खलिहानों के आसपास पाये जाते हैं। जो लगभग 40- 50 फीट तक ऊंचे हो जाते हैं। वैसे तो बहेड़ा कई रोगों की रामवाण औषधि है लेकिन इसके सबसे अधिक प्रचलित रूप को लोग त्रिफला के रूप में जानते हैं। त्रिफला को तो आयुर्वेद में महाऔषधि का दर्जा प्राप्त है। पेट संबंधी विकारों जैसे गैस, हाजमा, हाफरा, बबासीर आदि रोगों में इसके सेवन से उचित लाभ मिलता है क्योंकि यह औषधी की तरह काम करने के साथ साथ शरीर की चयापचयी क्रियाओं को भी दुरुस्त करने का कार्य करता है। अनिद्रा, तनाव, सरदर्द जैसे गंभीर रोग भी बहेड़ा के सेवन से दूर हो जाते हैं।
औषधीय प्रयोग के लिए वैसे तो समूचे फल का प्रयोग किया जाता है किंतु कई रोगों में पत्तियाँ और पेड़ की छाल भी उपयोगी हैं। लेकिन जैसा कि मैं हमेशा चर्चा करता आया हूँ मेरे अनुभव जरा उल्टे पुल्टे टाइप के ही रहते हैं। कारण कि मेरा बचपन इन्ही खेत खलिहानों में और सतपुड़ा के जंगलों के बीच गुजरा है, जहाँ अक्सर ये पेड़ पौधे ही मनोरंजन का विषय बन जाते थे। इन्ही पर झूलना, चढ़ना गिरना, कूदना फाँदना और इन्ही को खा लेना। आधुनिक जमाने के कमजोर पाचन तंत्र और मरियल टाइप की इम्युनिटी वाली पीढ़ी के लिए चेतावनी के साथ लिख रहा हूँ कि वे ऐसा न करें। क्योंकि मेरी दादी कहती थी कि बहेड़ो के बीज खा लेने से इंसान मत जाता है या बेहा हो जाता है अर्थात पागल जैसी हरकतें करने लगता है। लेकिन बचपन कहाँ किसी की सुनता है साहेब। दादी की तमाम डरावनी चेतावनियों के बाबजूद भी बहेड़ा फोड़ने के लिए उपयुक्त पत्थर तलास किये और पहुँच गये फोड़ने। उसकी गिरी यानी बीज निकालकर खूब खाये। हाँ कभी कभी खूब खा लेने पर थोड़ा बहुत सर चकराया होगा या जी मचलाया होगा। अब पता चला कि ऐसा करना हानिकारक था। अधिक मात्रा खा जाते तो परिवार वाले अस्पताल के चक्कर काटते रहते। लेकिन फिर भी जब मौका मिले आज भी 4- 6 बीज खा ही लेता हूँ। यह शक्तिशाली औषधि है इसके बारे में इन पंक्तियों को पढ़िये...
हरण बहेड़ा,आंवला घी शक्कर संग खाय...।
हाथी दाबे कांख में चार कोस ले जाय..।।
Comments
Post a Comment